भिलाई/रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दुर्ग पासिंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 2 बच्चियों समेत 4 लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति सड़क से 20 से 30 फीट दूर जा गिरा। मौके पर ही चारों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा गढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।
मृतकों की पहचान रामनरेश साकेत, रुचि साकेत, रचना साकेत और कमलेश सिंह के रूप में हुई है। इनमें से तीन लोग एक ही परिवार से थे — रामनरेश, उनकी बेटी रुचि और भाई की बेटी रचना। घायलों में सुलेखा साकेत और सौम्या साकेत शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर सोमवार को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है और वाहन चालक की तलाश जारी है।
