8वें वेतन आयोग पर आया बड़ा अपडेट: 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों की तनख्वाह में होगा जबरदस्त इजाफा, जानें नया कैलकुलेशन

नई दिल्ली। देश के करीब 1.2 करोड़ केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी लंबे समय से 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। अब केंद्र सरकार की ओर से इस पर बड़ा अपडेट सामने आया है। हाल ही में सरकार ने Terms of Reference (ToR) को मंजूरी दे दी है, जिससे कर्मचारियों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं।

दिसंबर 2025 में खत्म होगा 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल

केंद्र सरकार हर 10 साल में नया वेतन आयोग लागू करती है। पिछली बार साल 2016 में 7वां वेतन आयोग लागू किया गया था, जिसका कार्यकाल दिसंबर 2025 में समाप्त हो जाएगा। ऐसे में नए वेतन आयोग के गठन और वेतन पुनरीक्षण पर काम तेजी से शुरू हो गया है। सरकार ने जनवरी 2025 में 8वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी थी और अब ToR हरी झंडी मिलने के बाद आयोग विभिन्न विभागों, संगठनों और कर्मचारियों से परामर्श प्रक्रिया शुरू करेगा।

कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगें

केंद्रीय कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था नेशनल काउंसिल (NC-JCM) ने मांग रखी है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर (Fitment Factor) को 7वें वेतन आयोग के समान यानी 2.57 रखा जाए। हालांकि, इस पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

फिटमेंट फैक्टर तय करते समय महंगाई दर, जीवन यापन सूचकांक और Dr. Aykroyd का सूत्र जैसे कई कारकों को ध्यान में रखा जाता है।

रिपोर्ट्स में क्या कहा गया है

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार इस बार फिटमेंट फैक्टर को 2.46 से कम रख सकती है। अनुमान के अनुसार, इसका दायरा 1.83 से 2.46 के बीच रह सकता है। वहीं, कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट में यह संभावना जताई गई है कि फैक्टर 1.8 तक भी हो सकता है, जिससे कर्मचारियों का वेतन मौजूदा दर से 80% तक बढ़ सकता है।

फिलहाल कर्मचारियों को 58% महंगाई भत्ता (DA) मिल रहा है, जिसे नए आयोग के लागू होने पर बेसिक सैलरी में मर्ज कर दिया जाएगा और DA फिर से शून्य (Zero) से शुरू होगा।

इतना बढ़ सकता है कर्मचारियों का वेतन

वर्तमान में 7वें वेतन आयोग के तहत कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है। इसके अलावा HRA 4,320 रुपये और TA 1,350 रुपये मिलाकर कुल वेतन 23,670 रुपये बनता है। महंगाई भत्ते को जोड़ने पर यह 34,110 रुपये तक पहुंचता है।

अब अगर नया फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो अनुमान के अनुसार—

  • 1.8 फैक्टर पर बेसिक सैलरी: ₹32,400 प्रति माह

  • 2.0 फैक्टर पर बेसिक सैलरी: ₹36,000 प्रति माह

  • 2.46 फैक्टर पर बेसिक सैलरी: ₹44,280 प्रति माह

  • 2.57 फैक्टर (7वें आयोग जैसा) पर: ₹46,260 प्रति माह

80% से 157% तक हो सकता है वेतन में उछाल

यदि फिटमेंट फैक्टर पहले से अधिक रखा गया, तो कर्मचारियों के वेतन में 80% से 157% तक की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, अंतिम निर्णय 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों और केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल ToR मंजूर होने के बाद अब आयोग का अगला चरण शुरू हो चुका है, और कर्मचारियों को उम्मीद है कि जल्द ही वेतन पुनरीक्षण से जुड़ी आधिकारिक घोषणा सामने आएगी।