नई दिल्ली। साल 2025 की थ्रिलर फिल्म ‘वश लेवल 2’ इन दिनों ओटीटी पर दर्शकों के बीच खूब चर्चा में है। करीब दो घंटे से कम रन टाइम वाली इस फिल्म में हर सीन रोंगटे खड़े कर देने वाला है। फिल्म की खास बात यह है कि कहानी शुरू होने के सिर्फ 15 मिनट बाद ही खूनी खेल की शुरुआत हो जाती है, जिसके बाद दर्शक क्लाइमैक्स तक स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाते।
फिल्म कृष्णदेव याज्ञनिक के निर्देशन में बनी है, जिन्होंने इसके पहले भाग ‘वश’ को भी लिखा और निर्देशित किया था। यह गुजराती साइकोलॉजिकल हॉरर थ्रिलर फिल्म है, जो पहले भाग की घटनाओं के करीब 12 साल बाद की कहानी को आगे बढ़ाती है।
कहानी के केंद्र में अथर्व (हितु कनोडिया) है, जो एक बार फिर उस बुरी शक्ति से टकराता है जिसने कभी उसकी बेटी आर्या को अपने वश में कर लिया था। भले ही वह अपनी बेटी को बचा लेता है, लेकिन आर्या की हालत में कोई सुधार नहीं आता। वह अब चल या सुन नहीं सकती, बस व्हीलचेयर पर बैठी मुस्कुराती रहती है।
इस बार कहानी एक स्कूल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां कुछ छात्राओं के अजीबोगरीब व्यवहार से सभी हैरान हैं। कुछ छात्राएं स्कूल की छत से कूद जाती हैं, तो कुछ अचानक सड़क पर निकलकर कत्लेआम मचा देती हैं। पुलिस और स्कूल प्रशासन के लिए यह रहस्य बन जाता है कि आखिर लड़कियों को अचानक क्या हो गया।
इसी बीच अथर्व स्कूल पहुंचता है और बताता है कि इन लड़कियों को किसी ने ‘वश’ में कर लिया है। इसके बाद कहानी में आने वाले ट्विस्ट दर्शकों की सांसें रोक देते हैं।
फिल्म में जानकी बोदीवाला, मोनल गज्जर, हितेन कुमार जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता बटोर रही है। यह फिलहाल देश की टॉप ट्रेंडिंग लिस्ट में तीसरे स्थान पर है, जबकि पहले नंबर पर साउथ स्टार धनुष की ‘इडली कढ़ाई’ और दूसरे पर पवन कल्याण की ‘दे कॉल हिम ओजी’ है।
अगर आप हॉरर-थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं, तो ‘वश लेवल 2’ आपके लिए परफेक्ट फिल्म है। खास बात यह है कि यह मूवी गुजराती के साथ-साथ हिंदी भाषा में भी नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
आईएमडीबी पर इसे 7.3/10 की शानदार रेटिंग मिली है — और यही साबित करता है कि फिल्म का हर सीन आपको अंत तक सीट से बांधे रखेगा।