पंजाब में सब्जीवाले की रातोंरात बदली किस्मत :500 रुपये उधार लेकर खरीदा टिकट, निकली 11 करोड़ की दिवाली बंपर लॉटरी

बठिंडा। किस्मत कब, कहाँ और कैसे पलट जाए, यह कोई नहीं जानता। राजस्थान के कोटपुतली इलाके के एक साधारण सब्जीवाले अमित के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। रोज की तरह सब्जी बेचकर घर चलाने वाला यह युवक जब अपने दोस्त के साथ पंजाब घूमने आया, तो उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई।

अमित ने घूमने के दौरान अपने दोस्त से 1,000 रुपये उधार लिए और पंजाब स्टेट दिवाली बंपर-2025 के दो लॉटरी टिकट खरीद लिए। किस्मत ने ऐसा करवट ली कि उन्हीं में से एक टिकट पर 11 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकल आया।

जेब में किराए के पैसे तक नहीं थे

अमित ने बताया कि इनाम की खबर सुनकर वह हैरान रह गया। जब पुरस्कार लेने की बारी आई, तो जेब में किराये तक के पैसे नहीं थे। किसी ने उसे 500 रुपये उधार दिए, किसी ने 300 रुपये। इसी तरह दोस्तों और जान-पहचान वालों से करीब 15 हजार रुपये उधार लेकर वह चंडीगढ़ पहुंचा।

चंडीगढ़ स्थित पंजाब स्टेट लॉटरी कार्यालय में जब उसने पुरस्कार की औपचारिकताएं पूरी कीं, तो चेहरे पर मुस्कान और आंखों में खुशी के आंसू थे। अमित ने कहा —

“मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि किस्मत यूं पलट जाएगी। मैं तो बस घूमने आया था, लेकिन अब मेरी पूरी जिंदगी बदल गई।”

परिवार की जिम्मेदारी और बड़ा दिल

अमित संयुक्त परिवार में रहता है। उसके चार भाइयों में से तीन की मौत हो चुकी है, मां का भी निधन हो गया है। अब वह अपनी दो भाभियों, उनके बच्चों, अपनी पत्नी और दो बच्चों की जिम्मेदारी उठा रहा है।

भावुक होते हुए उसने कहा कि अब वह अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देगा, ताकि उन्हें वो मुश्किलें न झेलनी पड़ें जो उसने देखी हैं। साथ ही, अमित ने बताया कि वह अपने इनाम में से एक करोड़ रुपये अपने दोस्त मुकेश को देगा और उसकी दोनों बेटियों का कन्यादान भी करेगा।

घूमने आया था, किस्मत बदल गई

अमित ने बताया कि वह हमेशा से पंजाब के गुरुद्वारे देखने की इच्छा रखता था। उसके दोस्त मुकेश के ताऊजी मोगा में रहते थे, इसलिए वह उनके पास आया था। रास्ते में जब वे बठिंडा में रुके, तो वहीं उसने लॉटरी का टिकट खरीदा — और वही टिकट उसकी किस्मत की चाबी बन गया।

आज अमित का नाम उन खुशकिस्मत लोगों में शामिल हो गया है, जिन्होंने मेहनत के बीच उम्मीद नहीं छोड़ी और तकदीर ने उन्हें मुस्कुराने का मौका दिया।