खैरागढ़: जिले में हुई बे-मौसम बारिश के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसका विरोध करते हुए सैकड़ों गांवों के हजारों किसान खैरागढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचे और धान की बालियां हाथ में लेकर प्रदर्शन किया। किसानों ने फसल नुकसान का सर्वे कराकर तुरंत मुआवजा और बीमा राशि देने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन विधायक यशोदा वर्मा के नेतृत्व में हुआ। किसानों का कहना था कि उनकी फसलें न बेचने लायक, न खाने लायक रह गई हैं। कई खेतों की कट चुकी फसल पूरी तरह सड़ गई, जबकि खड़ी फसलें गिरकर खराब हो गईं।
किसानों ने प्रशासन से अपील की कि वे खुद खेतों में जाकर सही नुकसान का आकलन करें और मुआवजा तुरंत दें। उन्होंने बताया कि उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिली, और बारिश ने उनकी उम्मीदें भी तोड़ दी हैं। अधिकांश किसान कर्ज में डूबे हुए हैं और अब राहत की मांग कर रहे हैं।
डिप्टी कलेक्टर अविनाश ठाकुर ने आश्वासन दिया कि तीन दिन के भीतर सर्वे करवा लिया जाएगा और क्षतिपूर्ति शासन के नियमानुसार भुगतान की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर मुआवजा नहीं मिला, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
