रामनामी समुदाय की आस्था से पीएम मोदी और सीएम साय हुए भावविभोर

रामनामी समुदाय की आस्था से पीएम मोदी और सीएम साय हुए भावविभोर

रजत महोत्सव में रामनामी समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मीयता से स्वीकार किया मोर मुकुट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रामनामी समुदाय को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों ने गहरी प्रशंसा व्यक्त की है। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री के रायपुर आगमन से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने मंत्रालय में रामनामी समुदाय के प्रतिनिधियों से भेंट की थी। उनकी प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा को देखते हुए इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई

मुख्यमंत्री ने लिखा कि छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के रजत महोत्सव के दौरान जब रामनामी समुदाय के प्रतिनिधियों की प्रधानमंत्री मोदी से भेंट हुई, तो उन्होंने बड़े आदरभाव से प्रधानमंत्री को अपने पारंपरिक मोर मुकुट से अलंकृत करने की इच्छा व्यक्त की। इस पर प्रधानमंत्री ने जिस आत्मीयता और सहज भाव से उनकी मनुहार को स्वीकार किया, वह दृश्य “हृदय को स्पर्श करने वाला” था।

सीएम साय ने अपने पोस्ट में लिखा —
“रामनाम ही जिनका धर्म है, राम भक्ति ही जिनका कर्म, ऐसा अद्भुत और राममय है हमारा रामनामी समुदाय। इनके शरीर पर अंकित ‘राम’ केवल एक नाम नहीं, बल्कि समर्पण, तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने इस समुदाय के प्रति आदर और आत्मीयता दिखाई, वह उनके भीतर की भक्ति और आस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने लिखा — “यह भाव हमें विश्वास दिलाता है कि राम भक्ति केवल पूजा नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पवित्र साधना है, जिसे हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी ने अपने कर्म, आचरण और जीवन मूल्यों से सार्थक किया है।”