रायगढ़ में दिवाली पर डबल मर्डर: पति-पत्नी की खून से सनी लाश आंगन में मिली, गांव में मातम छाया
ग्राम कपाटडेरा में जघन्य वारदात, पुलिस फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ जांच में जुटी
रायगढ़। जिले के ग्राम कपाटडेरा में दिवाली के दूसरे दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 21 अक्टूबर की रात पति-पत्नी की लाश उनके घर के आंगन में खून से सनी हुई मिली, जिससे पूरे गांव में मातम और सन्नाटा फैल गया। यह मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, शवों पर मारपीट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किसी ने डंडे से पीट-पीटकर दोनों को मौत के घाट उतारा।
मृतकों की पहचान गुरुवार सिंह राठिया (35 वर्ष) और उनकी पत्नी मनीता राठिया (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम भेंड्रा के आश्रित गांव कपाटडेरा के निवासी थे।
घटना की जानकारी परिवार वालों ने सुबह दी, जिसके बाद कोटवार ने घटना की सूचना घरघोड़ा पुलिस को दी। थाना प्रभारी गौरव कुमार और टीम मौके पर पहुंचकर सर्वे और जांच में जुट गई।
सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्यों को जुटा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनके सामने यह जघन्य घटना हुई। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत और वैज्ञानिक जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।
