सूरजपुर में जुआरी की मौत की जांच ADM करेंगे, चार बिंदुओं पर होगी विस्तृत रिपोर्ट

सूरजपुर में जुआरी की मौत की जांच ADM करेंगे, चार बिंदुओं पर होगी विस्तृत रिपोर्ट

दिवाली पर पुलिस छापेमारी के दौरान कुएं में गिरकर हुई जुआरी की मौत, तनाव के बाद इलाके में चक्का जाम और थाने का घेराव

सूरजपुर। दिवाली (19 अक्टूबर) के अवसर पर हुए एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे की जांच अब अपर कलेक्टर (ADM) के नेतृत्व में की जाएगी। मामले में जुआरी बाबूलाल राजवाड़े (पिता: चंद्रकेश्वर राजवाड़े) की मौत पुलिस छापेमारी के दौरान कुएं में गिरने से हुई थी। घटना जयनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर में घटित हुई।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को जुआ खेलने की सूचना मिली थी। पुलिस को देखकर कई जुआरी भागने लगे, इसी दौरान बाबूलाल कुएं में गिर गया और मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर पुलिस पर नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। रात में ही ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया, जिसके दौरान पत्थरबाजी और तोड़फोड़ हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हुए।

जांच के लिए चार बिंदु तय किए गए हैं:

  1. मृतक बाबूलाल राजवाड़े की मृत्यु कब, कैसे और कहां घटित हुई।

  2. उपरोक्त घटना के लिए पुलिस कर्मियों पर परिवारजन और ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोप कितने सत्य हैं और घटना के लिए कौन दोषी है।

  3. ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय

  4. जांच के दौरान घटना से जुड़े अन्य सार्थक तथ्य

अपर कलेक्टर ने जांच रिपोर्ट एक महीने के भीतर प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।

इस घटना ने सूरजपुर क्षेत्र में तनाव और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व शांति बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।