सूरजपुर में पति ने पत्नी की हत्या कर दी, सुबह पड़ोसियों को मिली महिला की लाश, आरोपी गिरफ्तार
भट्ठापारा में रातभर झगड़े के बाद हुई वारदात, आरोपी ने पत्नी का कत्ल खाना न बनाने पर किया
सूरजपुर। जिले के भट्ठापारा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को हत्या कर दी, जिसके बाद वह फरार होने का प्रयास कर रहा था। लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को धरा और गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, नीरज देवांगन ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पड़ोस में रहने वाले अतवार सिंह और उसकी पत्नी मंगली बाई किराए के मकान में रहते थे। बीते रविवार की रात करीब साढ़े दस बजे दोनों के बीच लगातार झगड़ा और शोर-शराबा हो रहा था।
सुबह पड़ोसियों ने देखा कि अतवार घर से जा रहा था और उसकी पत्नी मंगली बाई उठी नहीं थी। पड़ोस की महिलाओं की मदद से उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी अतवार सिंह (38 वर्ष, पिता: रामरती, निवासी सागरपुर, थाना रामानुजनगर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या इसलिए की क्योंकि वह रात में खाना नहीं बनायी थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विमलेश दुबे और उनकी टीम सक्रिय रही। डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर ने आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
