करंट के जाल में फंसी मौत… हाथी की तड़पती लाश से खुला राज, बीजेपी नेत्री के पति समेत तीन गिरफ्तार!

करंट के जाल में फंसी मौत… हाथी की तड़पती लाश से खुला राज, बीजेपी नेत्री के पति समेत तीन गिरफ्तार!”

रायगढ़ में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली तार की चपेट में आया हाथी — वन विभाग ने किया बड़ा खुलासा, राजनीतिक परिवार पर गिरा गाज

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। तमनार वन परिक्षेत्र के केराखोल गांव में करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। जांच में सामने आया कि यह करंट प्रवाहित तार जंगली सूअर के शिकार के लिए जानबूझकर बिछाया गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती पड़ताल में इस घटना में लापरवाही और अवैध शिकार का मामला सामने आया। कार्रवाई करते हुए विभाग ने भाजपा की पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति बसंत राठियावीरसिंह माझी और रामनाथ राठिया को गिरफ्तार किया है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वन विभाग ने कहा कि इन लोगों ने शिकार के लिए खेतों के किनारे बिजली तार बिछाया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। दुर्भाग्यवश उसी तार के संपर्क में आकर हाथी की मौत हो गई।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया। वहीं विभागीय अधिकारियों ने मृत हाथी के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने न केवल वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि राजनीति और अवैध शिकार के गठजोड़ की ओर भी इशारा किया है।