रेलवे स्टेशन के पास मिला खून से लथपथ शव… गले और पीठ पर धारदार वार, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस!
भिलाई के दुर्ग रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक के पास युवक की संदिग्ध मौत — पुलिस को हत्या की आशंका, एफएसएल टीम कर रही जांच
भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन परिसर से मंगलवार सुबह सनसनीखेज खबर आई, जहां एक अज्ञात युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतक के गले और पीठ पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। घटना स्थल पर पहुंची एफएसएल और मोहन नगर थाना पुलिस की टीम जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन के पहले गेट परिसर में युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास से न तो कोई पहचान पत्र मिला है और न ही मोबाइल फोन।
एडिशनल एसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि मृतक के शरीर पर गले और पीठ में धारदार हथियार के वार के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे हत्या की संभावना मजबूत होती है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात किस हथियार से की गई और पीछे की वजह क्या थी।
आसपास के इलाकों में पुलिस ने युवक की तस्वीरें दिखाकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली। पहचान न हो पाने की वजह से पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया भी शाम 4:30 बजे तक स्थगित रही। फिलहाल शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है।
रेलवे स्टेशन क्षेत्र में इस हत्या जैसी वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।
