नक्सलियों का खौफनाक खेल! IED ब्लास्ट में मासूम किशोर गंभीर घायल — गांव दहशत में, हर तरफ चीख-पुकार

नक्सलियों का खौफनाक खेल! IED ब्लास्ट में मासूम किशोर गंभीर घायल — गांव दहशत में, हर तरफ चीख-पुकार

बीजापुर में फिर गूंजी धमाके की आवाज — नक्सलियों ने बिछाया था प्रेशर IED, निर्दोष आदिवासी बालक बना शिकार

बीजापुर। नक्सल हिंसा की बर्बर तस्वीर एक बार फिर जिले में सामने आई है। थाना गंगालूर के ग्राम पीड़िया इलाके में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर IED विस्फोट में एक मासूम आदिवासी किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना दोपहर के वक्त हुई, जब ग्रामीण अपने दैनिक कामकाज में व्यस्त थे। अचानक हुए तेज धमाके से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों की ओर भागे।

घटना की जानकारी मिलते ही केरिपु 199 और 85 वाहिनी के जवान मौके पर पहुंचे। घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

इस विस्फोट ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि नक्सली अब मासूमों को भी नहीं बख्श रहे, और निर्दोष लोगों को लगातार निशाना बना रहे हैं। लोगों में भय और आक्रोश दोनों गहराते जा रहे हैं।

बीते कुछ महीनों में बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाकों में माओवादियों द्वारा लगाए गए IED धमाकों की संख्या बढ़ी है, जिनमें कई निर्दोष नागरिकों की जान जा चुकी है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, ताकि अन्य संभावित विस्फोटकों को निष्क्रिय कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जा सके।