नौकरी का झांसा… फिर बंधक बनाकर देह व्यापार में धकेला! उरला में नाबालिग का रेस्क्यू, 2 महिलाएं गिरफ्तार
दुर्ग में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश — एमपी से लाई गई नाबालिग से जबरदस्ती करवाया जा रहा था देह व्यापार, पुलिस ने छापा मारकर छुड़ाया
दुर्ग। दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नाबालिग लड़की को नौकरी का झांसा देकर सेक्स रैकेट में फंसा दिया गया। पुलिस ने उरला इलाके में छापा मारकर नाबालिग को बंधक अवस्था में रेस्क्यू किया और इस घिनौने कारोबार में शामिल दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की रहने वाली है। नवरात्रि के दौरान मैहर दर्शन के बहाने घर से निकली थी, लेकिन कटनी रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात प्रीति नामक महिला से हुई, जिसने उसे काम दिलाने का लालच देकर दुर्ग ले आई।
दुर्ग पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो खींचकर धमकाना शुरू कर दिया और बंधक बनाकर जबरदस्ती देह व्यापार में धकेल दिया। मना करने पर उसे मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। किसी तरह साहस जुटाकर पीड़िता भागी और मोहन नगर थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की और उरला स्थित मकान पर छापा मारा। वहां से नाबालिग को छुड़ाया गया और दोनों आरोपी महिलाएं —
प्रीति बेसरा (22 वर्ष), निवासी दल्लीराजहरा, हाल निवासी उरला
सीमा सोनी (47 वर्ष), निवासी उरला
— को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
