दुर्ग में नशे का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! 30 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की खेप जब्त

दुर्ग में नशे का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त! 30 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की खेप जब्त

जिले में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 388 किलो गांजा, चिट्टा और हजारों नशीली टैबलेट्स बरामद कर नशे की बड़ी साजिश को फेल किया।

दुर्ग। जिला पुलिस दुर्ग ने नशाखोरी और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान विश्वास के तहत एक बार फिर बड़े अपराधियों को धर दबोचा। 1 सितंबर 2025 से शुरू हुए अभियान में पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए 30 तस्करों और विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है और करोड़ों रुपए मूल्य की नशीली दवाओं को जब्त किया।

थाना कुम्हारी में एक कंटेनर में छुपाकर तस्करी की जा रही 388 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसमें महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय तस्कर और ड्राइवर भी पकड़े गए। वहीं, थाना मोहन नगर क्षेत्र में 246 ग्राम चिट्टा के साथ पंजाब के चार तस्कर पकड़े गए। इस पूरे गैंग में शामिल छोटे-बड़े विक्रेताओं को भी पुलिस ने दबोच लिया।

16 सितंबर 2025 को विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में एनडीपीएस के 17 प्रकरणों में 19.531 किलो गांजा और 106 टैबलेट्स/सीरप जब्त किए गए। पुलिस की टीम ने कुख्यात तस्कर वैभव खंडेलवाल से हजारों की संख्या में अल्प्राजोरम टैबलेट्स भी बरामद की। थाना दुर्ग कोतवाली में 10,000 से अधिक नशीली टैबलेट्स एक साथ जब्त की गईं।

इस पूरी कार्रवाई में एएसीसीयू के स्टाफ और स्थानीय पुलिस टीम की सक्रियता रही। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी गिरफ्तारी की संभावना बनी हुई है और नशे की अवैध खेपों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।