धुआं उठा, सायरन बजा… और खुल गया राज़! भिलाई में दुकान की आड़ में चल रहा था हुक्का बार
रात के अंधेरे में पुलिस की रेड – ग्राहकों समेत 4 गिरफ्तार, तंबाकू फ्लेवर और हुक्का सेट जब्त
दुर्ग। भिलाई में सुपेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार (8 अक्टूबर) की रात पुलिस ने एक ऐसी दुकान पर छापा मारा जहाँ दुकान की आड़ में अवैध हुक्का बार चलाया जा रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई में दुकानदार समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ युवक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि दुकान मालिक ग्राहकों को टेबल-कुर्सी लगवाकर बैठने की सुविधा देता था और हुक्का व फ्लेवर सामग्री किराये पर उपलब्ध कराता था।
पुलिस की कार्रवाई:
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मौर्या टॉकीज के पास चौहान स्टेट रॉक एंड रोल की फर्स्ट फ्लोर पर एक दुकान में अवैध हुक्का बार चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
जैसे ही पुलिस टीम पहुँची, कुछ युवक पुलिस को देखकर भाग निकले, जबकि तीन युवक हुक्का पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए।
गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार हुई —
-
अमित खत्री (19 वर्ष)
-
निशांत नायक (25 वर्ष)
-
श्रेयांश चंद्राकर (24 वर्ष)
तीनों दुर्ग के निवासी हैं।
वहीं, दुकान चलाने वाला व्यक्ति राजकुमार मुगम उर्फ सन (32 वर्ष) खुर्सीपार का रहने वाला निकला, जो ग्राहकों को हुक्का और फ्लेवर सामग्री उपलब्ध करा रहा था।
जप्त सामान:
-
बड़ा हुक्का पॉट – 2 नग
-
छोटा हुक्का पॉट – 2 नग
-
तीन डिब्बों में मिक्स फ्लेवर
-
सिल्वर क्वॉइल पेपर – 3 पैकेट
-
आधा किलो लकड़ी का कोयला
(कुल कीमत लगभग ₹5,000)
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है:
“शहर में नशे और अवैध हुक्का बार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” भिलाई में ये कोई पहला मामला नहीं, जहां हुक्का बार पर पुलिस की रेड हुई हो — लेकिन इस बार मामला मौलिक दुकान की आड़ में छिपे नशे के कारोबार का था, जिसने सभी को चौंका दिया।
