रायगढ़। छत्तीसगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार गांजा तस्कर सुलेमान लकड़ा उर्फ सुले (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी छातामुड़ा, संत विनोबा नगर का निवासी है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर एनडीपीएस मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
यह गिरफ्तारी उस मामले में आई है, जिसमें 25 अगस्त की शाम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गढ़उमरिया मेन रोड पर ओडिशा से रायगढ़ की ओर आ रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा था। आरोपियों दिलीप सिंह राजपूत (33) और एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से 1 किलो 558 ग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसकी बाजार कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई। इसके साथ ही पुलिस ने होंडा साइन मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुख्य आरोपी सुलेमान लकड़ा के साथ मिलकर ओडिशा से रायगढ़ क्षेत्र में गांजा सप्लाई करते थे। जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 301/2025, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया और रिमांड पर भेजा।
मुखबिर की सूचना पर शनिवार को पुलिस ने सुलेमान लकड़ा की घेराबंदी कर गिरफ्तारी की। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट तैयार कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
एसपी दिव्यांग कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के निर्देशन में यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार को रोकने और अपराधियों के लिए चेतावनी के रूप में मानी जा रही है। जूटमिल पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सुलेमान लकड़ा की गिरफ्तारी से गिरोह का नेटवर्क कमजोर हुआ है और अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की प्रक्रिया जारी है।
