बस्तर दशहरा में सनसनीखेज वारदात: युवक को चाकू मारकर हत्या, मेले में मचा हड़कंप

जगदलपुर। मशहूर ऐतिहासिक बस्तर दशहरे के दौरान पसरा इलाके में एक भयावह घटना सामने आई है। रात करीब 10 बजे दशहरा मेले में नशे की हालत में दो गुटों के बीच शुरू हुई मामूली बहस इतनी बढ़ गई कि 24 वर्षीय करण बघेल की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मृतक करण बघेल रेलवे कॉलोनी का रहने वाला था और अपने दोस्तों के साथ मेले में शामिल हुआ था। जानकारी के अनुसार, शुरू में मामूली बहस थी, लेकिन गाली-गलौज और मारपीट ने मामला हत्या तक पहुँचा दिया। करण को चाकू से गंभीर चोटें आईं और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना स्थल पर मौजूद लोग हमलावरों को पकड़ने में असफल रहे और वे मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी विवाद को बढ़ने न दें और अपराधियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।