महासमुंद। नेशनल हाईवे 353 पर साराडीह मोड़ के पास रविवार रात करीब 8 बजे एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें महासमुंद जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति, जितेन्द्र चंद्राकर (46 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार अशोक साहू गंभीर रूप से घायल हुए।
बताया गया है कि बेलसोंड़ा निवासी जितेन्द्र और अशोक साहू स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे, तभी महासमुंद की ओर से आ रही टाटा सफारी (CG 04 QH 5836) ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। घायल अशोक का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने टाटा सफारी पर पथराव किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। टाटा सफारी चला रहे अग्रवाल ने खुद को सिटी कोतवाली पहुंचाकर सरेंडर किया और घटना की जानकारी दी।
हुलसी चंद्राकर ने पति की मौत की खबर सुनकर अचेत होकर गिर पड़ीं। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसा टाटा सफारी की तेज रफ्तार के कारण हुआ। चालक से पूछताछ की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सड़क हादसे में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस हादसे ने स्थानीय लोगों और प्रशासन में सड़क सुरक्षा और हाईवे पर वाहन गति नियंत्रण की आवश्यकता पर नई चेतना पैदा की है। नेशनल हाईवे 353 पर नियमित गति जांच और निगरानी बढ़ाने की योजना बनाई गई है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे रोके जा सकें।
