केंद्रीय मंत्रालय के अधिकारी मनीष ठाकुर ने मोहला-मानपुर का दौरा, ग्राम सभा में लिया विकास कार्यों का जायजा
आदि कर्मयोगी अभियान और विलेज विजन प्लान 2030 के तहत ग्रामीणों से चर्चा, मूलभूत सुविधाओं व विकास योजनाओं पर बनाई सहमति
मोहला। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मनीष ठाकुर ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का दौरा किया। यह दौरा केंद्र सरकार के आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आयोजित आदि सेवा पखवाड़ा के कार्यों का अवलोकन करने के लिए किया गया।
अधिकारिक ने मानपुर विकासखंड के ग्राम ख्वासफड़की में आयोजित ग्राम सभा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विलेज विजन प्लान 2030 के तहत तैयार किए गए ग्राम मैप और विकास योजनाओं का जायजा लिया। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्राम में मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त सचिव ठाकुर ने ग्रामवासियों से उनके गांव की प्रमुख मांगों और आवश्यकताओं पर चर्चा की। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, रोजगार, पेयजल, विद्युत, वनाधिकार और सीसी रोड जैसी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी।
ग्राम सभा में ग्रामीणों की सर्वसम्मति से उप स्वास्थ्य केंद्र, एनीकट, पशु शेड और सीसी रोड निर्माण जैसी मांगों को शामिल किया गया। ठाकुर ने ग्रामीणों को बताया कि ग्राम सभा का उद्देश्य सभी की सहभागिता से समस्याओं का समाधान और गांव के विकास को सुनिश्चित करना है।
