कोरबा बालको प्लांट में बड़ा हादसा, 20 साल पुराना ESP संयंत्र गिरा, सुरक्षा पर उठे सवाल

कोरबा बालको प्लांट में बड़ा हादसा, 20 साल पुराना ESP संयंत्र गिरा, सुरक्षा पर उठे सवाल

हादसे में कोई घायल नहीं, लेकिन कर्मचारियों की सुरक्षा और पुराने निर्माण पर चिंताएं बढ़ीं

कोरबा। बालको एल्यूमिनियम प्लांट में एक बड़ा हादसा होने से हड़कंप मच गया है। प्लांट में 20 साल पुराना इलेक्ट्रोस्टैटिक प्रेसिपिटेटर (ESP) संयंत्र अचानक गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान आसपास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि हो सकती थी।

इस संयंत्र का निर्माण सेपको कंपनी ने 2004-05 में किया था। हादसे के बाद सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय कर्मचारियों का आरोप है कि उद्योगपतियों के दबाव में श्रम विभाग केवल खानापूर्ति कर रहा है और सुरक्षा नियमों की अनदेखी हो रही है।

कोरबा बालको प्लांट की सुरक्षा इतिहास भी चिंताजनक रहा है। 2009 में निर्माणाधीन चिमनी गिरने से कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराई गई कंपनियों में से एक सेपको के खिलाफ मामला अब भी अदालत में लंबित है।

फिलहाल ताजा हादसे पर प्लांट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कर्मचारी और स्थानीय लोग सुरक्षा मानकों को लेकर बेहद चिंतित हैं।