सूना घर, टूटा ताला और बिखरे गहने… देवेन्द्र नगर की बड़ी चोरी का पर्दाफाश!”
पुलिस ने सोने की बिस्किट, जेवर और कैश समेत दो चोरों को दबोचा, 12.5 लाख का माल बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर इलाके में हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, बिस्किट, मूर्तियां और नकदी समेत करीब 12.50 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
कैसे हुआ खुलासा?
18 सितंबर को मकान मालिक हरीश मोटवानी परिवार समेत नागपुर गए थे। 22 सितंबर की रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है, कमरों में सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी व लॉकर का लॉक तोड़ा गया है। चोरी की रिपोर्ट थाना देवेन्द्र नगर में दर्ज कराई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने विशेष टीम गठित की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर लगाए और हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
आरोपी कौन हैं?
पुलिस ने जांच में देवा महानंद उर्फ देवु (23), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी दलदल सिवनी को गिरफ्तार किया, जो पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बरामदगी
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने जब्त किया—
-
सोने के जेवरात, बिस्किट व सिक्के (लगभग 11 तोला)
-
चांदी के जेवर, बिस्किट, मूर्ति व सिक्के (लगभग 350 ग्राम)
-
नगदी ₹1,20,000/-
-
घटना में प्रयुक्त एवेंजर मोटरसाइकिल (CG 04 DY 6261)
कुल जुमला कीमत करीब ₹12,50,000 आँकी गई है।
