एक पल में मची चीख-पुकार… गरियाबंद और रायगढ़ में आकाशीय बिजली ने ली 4 जानें!”
महिलाओं और युवकों की मौके पर मौत, गर्भवती महिला और बच्चा बाल-बाल बचे
गरियाबंद/रायगढ़। आसमान से गिरी आफ़त ने बुधवार और मंगलवार को छत्तीसगढ़ के दो जिलों में मातम फैला दिया। गरियाबंद जिले के डोहेल गांव और रायगढ़ जिले के जंगलों में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महिलाएं और दो युवक शामिल हैं, जबकि कई लोग बाल-बाल बचे।
गरियाबंद का हादसा
देवभोग थाना क्षेत्र के डोहेल गांव में बुधवार दोपहर महिलाएं घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठी थीं। अचानक तेज़ गर्जना के साथ बिजली गिरी और 43 वर्षीय डीलेश्वरी दुर्गा और 60 वर्षीय सूरजो बाई की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, पास में बैठी गर्भवती महिला और एक बच्चा समेत 3 लोग हादसे से बाल-बाल बच गए।
रायगढ़ की त्रासदी
रायगढ़ जिले में मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे दो युवक बकरियां चराने जंगल की ओर गए थे। अचानक बारिश शुरू होने पर दोनों महुआ पेड़ के नीचे रुके। इसी दौरान बिजली गिरी और आकाश किंडो (19) और लिबुर केरकेट्टा (19) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन बकरियां भी मारी गईं।
गांव में मातम
लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। अचानक हुई मौतों से दोनों जिलों के गांवों में मातम पसरा हुआ है।
