सेल्फी बनी मौत का सौदा: बस्तर के भीमसेन जलप्रपात में युवक की लाश बहाव में गायब…

जगदलपुर। बस्तर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तोंगपाल के पास स्थित भीमसेन जलप्रपात में सोमवार को फोटो खींचते समय एक युवक की मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 18 वर्षीय विकास मरकाम के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जलप्रपात गया था। वहां प्राकृतिक खूबसूरती को कैमरे में कैद करने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पानी के तेज बहाव में जा गिरा। देखते ही देखते विकास गहराई में समा गया और उसकी चीख-पुकार दोस्तों के सामने ही खामोश हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची। भीमसेन जलप्रपात धुर नक्सल प्रभावित इलाके में होने के कारण जवानों को पहुंचने के लिए विशेष रोड ओपनिंग पार्टी लगानी पड़ी। कई घंटे की मशक्कत के बाद SDRF ने युवक का शव जलप्रपात से बाहर निकाला।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे ने एक बार फिर लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि पिकनिक और फोटो खींचने की लापरवाही कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है