रायपुर: राजधानी रायपुर में बीती रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां एक कांग्रेसी कार्यकर्ता ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित हेमंत चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि ईडी अधिकारियों ने उन्हें पूछताछ के दौरान शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य नेताओं के खिलाफ गवाही देने के लिए दबाव बनाया।
जानकारी के मुताबिक, हेमंत चंद्राकर, जो रोहणीपुरम के कंचनगंगा कॉलोनी के निवासी हैं, 29 सितंबर की सुबह 10:30 बजे ईडी के रायपुर कार्यालय में पूछताछ के लिए पहुंचे थे। यह पूछताछ रात 8:30 बजे तक चली। चंद्राकर का कहना है कि इस दौरान उन्हें प्रताड़ित किया गया और अगले दिन फिर से बुलाया गया।
चंद्राकर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि ईडी अधिकारी उन्हें मजबूर कर रहे थे कि वे यह स्वीकार करें कि भूपेश बघेल के करीबी विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मंदीप चावला और उनके एजेंट आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर और सतपाल सिंह छाबड़ा ने कमीशन देकर काम कराया। उन्होंने यह भी दावा किया कि अधिकारियों ने उनके परिवार को भी उत्पीड़न की धमकी दी और अवैधानिक तरीके से बयान लेने की कोशिश की।
कोतवाली थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि रात में चंद्राकर का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी विधिसम्मत कार्रवाई होगी, उसे अंजाम दिया जाएगा।
