रात के अंधेरे में रेलवे स्टेशन से पकड़ाया 4 लाख का गांजा….तस्कर के दो बैगों से निकले 8 बंडल मौत के सौदागर…

रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन से बीती रात एक चौंकाने वाली बरामदगी हुई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट रायपुर और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 16 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।

यह पूरी कार्रवाई 29 सितंबर की रात 10:15 बजे सर्कुलेटिंग एरिया में सैलून साइडिंग के पास की गई। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रमन कुमार के मार्गदर्शन में RPF पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कर्मपाल सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक ए.जेड. चौधरी, प्रधान आरक्षक वी.सी. बंजारे, आरक्षक घम्मन मीणा और आबकारी विभाग के अधिकारी टैग बहादुर कुर्रे, निरीक्षक प्रकाश देशमुखकौशल सोनी, उप निरीक्षक नीलम सवर्णकार व प्रीति कुशवाह की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथुन दिग्गल (26 वर्ष), निवासी ग्राम परमपंगा, जिला कंधमॉल, ओडिशा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके दो बैग से 8 बंडल गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा बस के जरिए ओडिशा से रायपुर लेकर आया और यहां से इसे ट्रेन के जनरल कोच में बैठकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश ले जाने की योजना थी।

आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत अपराध क्रमांक 182/2025 दर्ज किया है। जब्त किए गए गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को आज 30 सितंबर को विशेष NDPS न्यायालय रायपुर में पेश किया जाएगा।