दुर्ग में हड़कंप: पढ़ाई के समय हारमोनियम बजाने और बच्चों को भूखा रखने वाले दो शिक्षक निलंबित…

दुर्ग: पाटन विकासखंड की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला महुदा में दो शिक्षकों के कदाचार और लापरवाही के मामले ने स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में हलचल मचा दी है। जिला शिक्षा विभाग ने एलबी प्रफुल्ल साहू और एलबी सीमा शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शिकायतों के अनुसार, शिक्षक प्रफुल्ल साहू ने त्रैमासिक परीक्षा ड्यूटी के दौरान छात्र से अपना मोबाइल लेकर सेल्फी और वीडियो बनवाए, प्रार्थना के समय सहकर्मी शिक्षिका पर उपहास किया और पढ़ाई के दौरान हारमोनियम बजाने की भी पुष्टि हुई।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों शिक्षक स्टाफ रूम छोड़कर अलग कक्ष में बैठने लगे, जिससे विद्यालय का माहौल दूषित हुआ और स्टाफ के बीच तनाव बढ़ा। शिक्षिका सीमा शर्मा मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की प्रभारी थीं, लेकिन बच्चों को पर्याप्त भोजन नहीं दिया गया और न ही निर्धारित मेनू का पालन हुआ। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।

संभागीय संयुक्त संचालक आरएल ठाकुर ने आदेश में कहा कि इन शिक्षकों के कृत्यों से विद्यालय की छवि धूमिल हुई और बच्चों की पढ़ाई व अन्य गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ा। अभिभावकों और ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है।

शिक्षकों के इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन के रूप में गंभीर कदाचार माना गया और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई की गई।