रहस्यमयी मौत! दुर्ग के राइस मिलर अनिल बंसल लापता, शिवनाथ नदी से मिला शव – कार मिली लावारिश, पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग: जिले के चर्चित राइस मिलर अनिल बंसल की गुमशुदगी ने शनिवार सुबह सनसनीखेज मोड़ ले लिया। बेमेतरा जिले के शिवनाथ नदी से उनका शव तैरता हुआ बरामद किया गया। शव को SDRF की टीम ने नदी से रेस्क्यू कर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मचांदूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

अनिल बंसल, कादंबरी नगर दुर्ग निवासी और समोदा स्थित बजरंग एग्रोटेक राइस मिल के संचालक थे। शुक्रवार देर रात परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मोहन नगर थाने में दर्ज कराई थी।

ऐसे खुला राज

  • नंदिनी थाना क्षेत्र के अरसनारा एनीकेट के पास अनिल बंसल की कार लावारिश हालत में मिली।

  • जांच के दौरान पुलिस को कार के पास ही उनकी चप्पल दिखाई दी।

  • SDRF ने सुबह से ही नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

  • इस बीच, आसपास के लोगों के मोबाइल में एक शव बहते हुए नजर आने के वीडियो मिले।

आखिरकार, शव बेमेतरा के देवकर थाना क्षेत्र के परोपड़ा गांव के पास नदी में मिला। तेज बहाव और लंबे समय तक पानी में डूबे रहने से शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी।

जांच में उलझे कई सवाल

कार का लावारिश मिलना, चप्पल का पास में होना और फिर नदी से शव का बरामद होना… इन घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।