कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कवर्धा ज़िले में आदिवासी युवती से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया है। घटना के महज़ 36 घंटे के भीतर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी कवर्धा के ही रहने वाले और आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं।
पूरा मामला 24 सितंबर की रात का है। पीड़िता अपने परिचित के घर ठहरी थी, लेकिन देर रात करीब 2 बजे किसी विवाद के बाद वह वहां से निकलकर बस स्टैंड की ओर चली गई। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उसे बहला-फुसलाकर सुनसान इलाके, अटल आवास के पीछे, ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दरिंदों ने धमकी देकर पीड़िता को बस स्टैंड के पास छोड़ दिया।
साहस दिखाते हुए पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल में मेडिकल जांच कराई, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
घटना के बाद आदिवासी समाज उग्र हो गया और कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। बढ़ते दबाव और पुलिस की सक्रियता से आखिरकार तीनों आरोपी धर दबोचे गए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवाई आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का विस्तृत खुलासा करेंगे।
