आधी रात में आग का तांडव: कार-बाइक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, गांव में मची दहशत

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा ज़िले में बीती रात आगजनी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे गांव में दहशत फैला दी। अज्ञात लोगों ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात तिलकेजा ग्राम पंचायत में खड़ी एक इको कार और दो मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते लपटों ने वाहनों को चपेट में ले लिया और आग का तांडव पूरे गांव में दहशत फैलाने लगा।

वाहन मालिक नरेंद्र उरांव ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताया है। उनका कहना है कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ है और यह वारदात गांव की शांति बिगाड़ने के इरादे से की गई है।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा को लेकर लोग खुलेआम चिंता जताने लगे हैं।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि उरगा थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इस वारदात के पीछे कौन है, लेकिन गांव में फैली दहशत को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है।