रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कोर्ट परिसर के बाहर रंजिश के चलते युवक पर हमला कर दिया गया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है और उनकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्गा नगर निवासी हरि तांडी 24 सितंबर की शाम अपने भाई की पेशी पर कोर्ट आया था। पेशी खत्म होने के बाद जैसे ही वह कोर्ट से बाहर निकला, तभी राहुल पांडे, आनंद बोरले और सन्नी पांडेय ने उसे रास्ते में घेर लिया। तीनों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के बाद हरि पर हमला कर दिया। हमले में उसकी कोहनी और गले पर गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हरि को अस्पताल भेजा और उसकी शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506 और 34 के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने कोर्ट परिसर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वकीलों और स्थानीय लोगों ने कोर्ट परिसर के बाहर CCTV और गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
