बीजापुर। नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए यात्रा दुःस्वप्न में बदल गई। 23 सितंबर की शाम बीजापुर के एजुकेशन सिटी इलाके में एक भारी-भरकम हाइड्रा वाहन ने सड़क पर चल रहे आठ श्रद्धालुओं को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 12वीं की छात्रा और नेशनल कराटे चैंपियन साक्षी नक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
साक्षी नक्का अपने दोस्तों के साथ पैदल दंतेश्वरी माता के दर्शन के लिए जा रही थी, तभी तेज रफ्तार हाइड्रा ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे की भयावहता देखकर आसपास के लोग चीख-पुकार करने लगे। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने वाहन चालक शंकर को गिरफ्तार कर लिया है। उसने मीडिया के सामने खुलासा किया कि उसने महुआ शराब पी रखी थी और वह जल्दबाजी में अपने दोस्तों के साथ “अंडा-सब्जी खाने” जा रहा था। शंकर की लापरवाही और शराब का प्रभाव इस भयावह हादसे का कारण बना।
स्थानीय लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और साक्षी नक्का की असामयिक मौत पर गहरी शोक संवेदनाएँ व्यक्त कर रहे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है और हादसे को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपायों को सख्त करने का आश्वासन दिया है।
