जंगल में आधी रात छापा… पुलिस आते ही जुआरी हवा हो गए, पीछे छूट गई सिर्फ 17 बाइक्स!

जांजगीर-चांपा। पंतोरा क्षेत्र के घने छाता जंगल में बीती रात कुछ ऐसा हुआ जिसने हर किसी को चौंका दिया। लंबे समय से यहां बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की गुप्त सूचना एसपी विजय पांडे को मिली थी। इसके बाद बलौदा थाना और पंतोरा उप-थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी।

लेकिन जैसे ही पुलिस ने जंगल को चारों तरफ से घेरा, वैसे ही जुआरी मौके से ऐसे गायब हो गए मानो अंधेरे में धुंध की तरह विलीन हो गए हों। पुलिस के हाथ कोई भी जुआरी नहीं लग पाया।

हालांकि, भागते-भागते जुआरी अपनी 17 बाइक वहीं छोड़ गए। पुलिस ने सभी बाइक बरामद कर ली हैं और अब मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छाता जंगल लंबे समय से अवैध गतिविधियों का अड्डा बना हुआ है, लेकिन पुलिस की रेड के बावजूद अब तक जुआरी पकड़ से बाहर हैं।