अंबिकापुर: पेट्रोल पंप से 12.50 लाख का गबन… दो चेक बाउंस, मैनेजर फरार! पुलिस की गिरफ्त से बाहर काला सच

अंबिकापुर: शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकालो स्थित ‘कतराज फ्यूल्स’ पेट्रोल पंप में कार्यरत मैनेजर ने 12 लाख 50 हजार रुपये का गबन कर फरारी काट ली।

पेट्रोल पंप संचालक ने खातों की जांच की तो हैरान रह गया—खाते से करोड़ों के लेन-देन के बीच करीब 12.50 लाख का कोई हिसाब नहीं मिला। पूछताछ में मैनेजर राजेश कुमार गुप्ता ने खुद गबन की बात मानी और रकम लौटाने का झांसा देते हुए 9 लाख और 3.50 लाख के दो चेक दिए। लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए।

इतना ही नहीं, आरोपी मैनेजर फरार होते वक्त पंप से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी साथ ले गया। संचालक की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और राजेश की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने न केवल आर्थिक धोखाधड़ी की है, बल्कि संवेदनशील दस्तावेज लेकर भागना मामले को और गंभीर बना देता है। अब यह जांच भी शुरू हो गई है कि क्या गबन के इस खेल में और कोई शामिल था।

इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों को दहला दिया है। लोगों का कहना है कि व्यवसाय में भरोसा सबसे अहम होता है, लेकिन जब वही भरोसा चकनाचूर हो जाए तो बड़ा नुकसान सिर्फ पैसों का नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा का भी होता है।

 सवाल यही है कि—12.50 लाख का गबन करने वाला मैनेजर आखिर कब तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहेगा? और क्या इन दस्तावेजों के पीछे कोई और बड़ा राज छिपा है?