CM विष्णु देव साय ने PM मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का किया शुभारंभ

CM विष्णु देव साय ने PM मोदी के जन्मदिन पर ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025’ का किया शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर से “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025” का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने रायपुर नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों की स्वच्छता के लिए समर्पित डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर परिसर की सफाई की और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वच्छ बनाने का बड़ा लक्ष्य रखा है और हमें इसे आगे बढ़ाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

स्टॉलों का अवलोकन और महिलाओं से संवाद
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके आजीविका मूलक कार्यों की जानकारी ली। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, सीएसपीडीसीएल, क्रेडा की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, कचरा संग्रहण और प्रबंधन प्रक्रिया से संबंधित मॉडल का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने “खुशियों का ठेला” के अंतर्गत महिला वेंडर्स को प्रोत्साहित किया और उन्हें ऑनलाइन लेन-देन के लिए यूपीआई साउंड बॉक्स डिवाइस भी प्रदान किए।