बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम महावीरगंज में मंगलवार रात करीब 9 बजे एक नर हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ आलोक वाजपेई, रेंजर निखिल सक्सेना और एसडीएम आनंद नेताम मौके पर पहुंचे।
वन विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से मृत हाथी के चारों ओर घेरा बनवा दिया है। हाथी की मौत की खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह नर हाथी वाड्रफनगर के रजखेता क्षेत्र से रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में प्रवेश किया था। विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी और दिनभर वह बसकटिया जंगल व आसपास के क्षेत्रों में घूमता रहा। देर शाम उसकी मौत हो गई। हाथी का शव महावीरगंज निवासी रामबरन कोडाकू के घर के सामने मिला है।
रेंजर निखिल सक्सेना ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
