अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे NHM स्वास्थ्य कर्मचारियों का बड़ा समूह सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपते हुए अनोखा प्रदर्शन किया।
कर्मचारी “अभी करो अर्जेंट करो, हमको परमानेंट करो” के नारे लगाते हुए कार्यालय पहुंचे और हाथ में रोटी लेकर विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से नियमितीकरण सहित अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाया।
NHM संघ की जिला अध्यक्ष ने बताया कि शासन ने उनकी पांच मांगें मान ली हैं, मगर आदेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उन्हें बहाल किया जाए। संघ का कहना है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने बयान दिया था कि कांग्रेस सरकार की हार की एक बड़ी वजह NHM कर्मचारियों की मांगें पूरी न करना रही थीं। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि भाजपा सरकार इन मांगों को पूरा करती है या कर्मचारी यूं ही हड़ताल पर डटे रहेंगे।
