CG BREAKING: कोंडागांव में पेड़ से लटकी मिली युवक-युवती की लाश, प्रेम प्रसंग की कहानी में छिपा रहस्य

कोंडागांव। जिले में एक बार फिर युवक-युवती के शव पेड़ से लटके मिलने की खौफनाक घटना सामने आई है। मृतकों की पहचान केशव नेताम (19) और 17 साल की छात्रा के रूप में हुई है। केशव कार शोरूम में काम करता था, जबकि युवती अपने चाचा के घर में रहती थी।

घटना बांसकोट थाना क्षेत्र के ग्राम धामनपुरी की है। लाशें बाजार लाड़ी से लगभग 2 किलोमीटर दूर पेड़ पर फंदे से लटकी मिलीं। बांसकोट चौकी प्रभारी नरेश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और अन्य संभावित कारणों की भी गहनता से जांच कर रही है।

यह जिले में पिछले 10 दिनों के भीतर दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 10 सितंबर को उरंदाबेड़ा थाना क्षेत्र में भी युवक-युवती के शव फंदे से लटके पाए गए थे।

पुलिस ने गांव में सतर्कता बढ़ा दी है और जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाने को दें।