जशपुर। सोशल मीडिया पर हो रही अंधाधुंध दोस्ती कभी-कभी खतरनाक रूप ले सकती है, इसका ताजा उदाहरण जशपुर जिले से सामने आया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद एक युवक ने नाबालिग छात्रा का अपहरण कर दो दिनों तक उसका शोषण किया।
पंडरा पाठ चौकी में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। नाबालिग छात्रा को आरोपी के घर से सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अरुण यादव ने छात्रा को बहला-फुसलाकर राजपुरी जंगल में दो दिनों तक दैहिक शोषण का शिकार बनाया।
छात्रा को सुरक्षित परिजनों को सौंपने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जशपुर पुलिस ने चेताया कि सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती करना खतरनाक हो सकता है। माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यह मामला सोशल मीडिया की मासूम दोस्तियों में छिपे खतरों की हकीकत को उजागर करता है और सभी को सतर्क रहने की हिदायत देता है।
