रेल मंत्री के रायपुर पहुंचने से पहले बदला शहर का नजारा, खमतराई ओवरब्रिज पर पर्दे और बंद कराए गए ठेले-गुमटी; आखिर क्यों हो रही इतनी तैयारी?

 

रायपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रायपुर दौरे की तारीख में बदलाव किया गया है। अब रेल मंत्री 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। इससे पहले उनके 9 अक्टूबर को रायपुर आने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। अपने दौरे के दौरान अश्विनी वैष्णव रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। रेल मंत्री के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और आयोजन स्थल से लेकर रेलवे स्टेशन तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

रेल मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। RPF जवानों की परेड और कार्यक्रम की रिहर्सल रोजाना कराई जा रही है। अधिकारी आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की कमी न रहे।

रायपुर रेलवे स्टेशन पर भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम जारी है। प्लेटफॉर्म की ओर क्रेन से निर्माण कार्य किए जाने के कारण यात्रियों के आवागमन की जगह प्रभावित हुई है। ट्रेन आने के समय यात्रियों की संख्या बढ़ने पर कुछ परेशानी भी सामने आ रही है।

उधर, खमतराई ओवरब्रिज के आसपास भी तैयारियों का असर साफ नजर आ रहा है। ओवरब्रिज के दोनों ओर रंगीन पर्दे लगाए गए हैं। इसके लिए बांस-बल्लियों का इस्तेमाल किया गया है। आसपास मौजूद गुमटियों और ठेलों को भी बंद कराया गया है। DRM कार्यालय से लेकर आयोजन स्थल तक साज-सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से चल रहा है।

रेलवे इंस्टीट्यूट के पास से रेल मंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड का काम पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा आयोजन स्थल के चारों ओर मुरम की सड़कें तैयार करने का काम भी चल रहा है। रेलवे प्रशासन का पूरा जोर कार्यक्रम स्थल और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को व्यवस्थित करने पर है।

RPF स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए जवानों की परेड और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियां भी जोरों पर हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे के दौरान RPF जवानों की परेड और रिहर्सल का निरीक्षण किए जाने की संभावना है। इसे देखते हुए जवान लगातार अभ्यास कर रहे हैं।

रेल मंत्री के दौरे से पहले शहर में RPF की बैंड पार्टी भी अलग-अलग स्थानों पर अपनी प्रस्तुतियां दे रही है। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड में RPF बैंड ने लोकप्रिय और देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कीं। बैंड की प्रस्तुति सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां रुक गए और जवानों की प्रस्तुति का आनंद लिया।

रेल मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक निर्माण, सजावट, सुरक्षा और कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 12 अक्टूबर को रेल मंत्री के रायपुर पहुंचने के बाद RPF के 42वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा।

 

You missed