रात के अंधेरे में काटी जा रही थी नई रेलवे लाइन की पटरी, किराए के मकान में छिपा था 6.5 टन रेल ट्रैक; पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार

 

कटघोरा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन पर कबाड़ चोर गिरोह की नजर होने की आशंका ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है। मकान से करीब 6.5 टन यानी 6,480 किलोग्राम वजन की 36 नग रेलवे पटरी मिली हैं। इसके अलावा मौके से ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है।

मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। पुलिस के अनुसार, यहां आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नाम के युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन बिछाने के काम में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। इसी बीच पुलिस को मकान में रेलवे का सामान रखे होने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने वहां दबिश दी।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मकान के भीतर का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई। वहां नई रेल लाइन में इस्तेमाल होने वाली रेलवे पटरी के कटे हुए टुकड़े बड़ी मात्रा में रखे मिले। पुलिस ने जब उनका वजन कराया तो कुल 6,480 किलोग्राम यानी करीब 6.5 टन रेलवे पटरी बरामद हुई। मौके से 36 नग रेलवे पटरी जब्त की गई है।

इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे ट्रैक काटने के लिए इस्तेमाल होने वाले सामान भी पुलिस को मौके से मिले हैं। पुलिस ने चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और अन्य उपकरणों के साथ स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है। इससे आशंका जताई जा रही है कि रेलवे की पटरी को काटकर यहां लाने या आगे खपाने की तैयारी की जा रही थी।

हालांकि, पुलिस की दबिश की भनक लगते ही मकान में मौजूद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब राजू कुमार और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रेलवे की पटरी कहां से काटी गई, इसे किसके कहने पर किराए के मकान में रखा गया था और इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं।

जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि मौके से रेलवे का माल बरामद किया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे के संबंधित अधिकारियों को भी मामले की सूचना दी गई है। इसके अलावा नई रेल लाइन का काम कर रही संबंधित निजी कंपनी के अधिकारियों को बुलाकर बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस को इस मामले में चोरी के माल को जिले के सीमावर्ती इलाकों में खपाए जाने की भी आशंका है। जिस तरह से बड़ी मात्रा में रेलवे पटरी काटकर एक किराए के मकान में छिपाकर रखी गई थी, उससे जांच का दायरा बढ़ सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इसके पीछे कबाड़ चोरों का कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मुताबिक, जटगा चौकी के ग्राम बरबसपुर में पुलिस ने दबिश देकर किराए के मकान से करीब 6.5 टन यानी 6,480 किलोग्राम वजन की 36 नग रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। रेलवे की नई लाइन का काम अभी जारी है, ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में पटरी बरामद होने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर निर्माणाधीन रेल लाइन से रेलवे सामग्री को काटकर हटाने का खेल कब से चल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही इस पूरे मामले के पीछे छिपी कहानी और संभावित नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

You missed