मिलने के बहाने बुलाया और फिर कर दिया खौफनाक कांड! प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत… पुराने केस ने भी खोले कई राज

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन करीब 65 से 70 फीसदी झुलसने के बाद उसने सोमवार रात दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में महिला को उसके पुराने प्रेमी द्वारा मिलने के लिए बुलाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और महिला को आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सड़क पर झुलसी हालत में मिली महिला

जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे ग्रामीणों और राहगीरों ने महिला को गंभीर रूप से झुलसी हालत में देखा।

महिला की हालत देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया। महिला करीब 65-70 फीसदी झुलसी हुई थी। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार रात उसकी मौत हो गई।

पांच साल पहले पति से अलग हुई थी राजकुमारी

मृतका की पहचान आरंग-समोदा निवासी राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच साल पहले अपने पति से अलग हो गई थी।

इसके बाद वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के आसपास अकेली रह रही थी और घरेलू काम करके अपना जीवनयापन करती थी।

मिलने के लिए बुलाया, पेट्रोल लेकर पहुंचने का आरोप

ग्रामीण एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, राजकुमारी और आरोपी वीरू के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वीरू ने कथित तौर पर राजकुमारी को मिलने के लिए बुलाया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। आशंका है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।

घटना के बाद महिला गंभीर रूप से झुलस गई और सड़क पर मदद के लिए पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

2021 के पुराने मामले ने भी बढ़ाया शक

जांच के दौरान आरोपी वीरू से जुड़ा एक पुराना मामला भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में आरोपी आरंग के मोखला गांव पहुंचा था, जहां उसने कथित तौर पर राजकुमारी की सास पर टंगिये से हमला किया था।

पुलिस अब इस पुराने मामले और वर्तमान घटना के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

आखिर विवाद की असली वजह क्या थी?

फिलहाल पुलिस के सामने कई सवाल हैं—मुलाकात के दौरान ऐसा क्या हुआ कि विवाद इतना बढ़ गया? आरोपी पेट्रोल लेकर वहां क्यों पहुंचा था? और क्या 2021 की घटना का इस मामले से कोई संबंध है?

पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

You missed