सूरजपुर: दो बार बची जान, तीसरी बार उठाया खौफनाक कदम… पैरों में पत्थरों से भरी बोरी बांधकर कुएं में कूदा युवक

 

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने कुएं में जाने से पहले अपने पैरों को रस्सी से बांधा था और पत्थरों से भरी बोरी भी बांध ली थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कल्याणपुर गांव निवासी सुमेर सिंह के रूप में हुई है।

पहले भी दो बार कर चुका था जान देने की कोशिश

बताया जा रहा है कि सुमेर सिंह पहले भी दो बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका था। पहली बार उसने फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन पेड़ की डाल टूट जाने के कारण उसकी जान बच गई थी।

इसके बाद उसने कुएं में कूदकर जान देने की कोशिश की थी। हालांकि तैरना आने की वजह से वह उस समय भी बच गया था।

इस बार कुएं में मिला शव

जानकारी के मुताबिक तीसरी बार सुमेर ने कुएं में छलांग लगाई। इस दौरान उसके पैरों में रस्सी से पत्थरों से भरी बोरी बंधी हुई थी। इसके बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की परिस्थितियों और युवक के इस कदम के कारणों की जांच कर रही है।

गांव के लोगों से नहीं बनती थी- पुलिस

पुलिस के मुताबिक सुमेर सिंह के स्वभाव को लेकर ग्रामीणों के बीच अलग-अलग बातें सामने आई हैं। पुलिस ने बताया कि वह कथित तौर पर सनकी प्रवृत्ति का था और गांव के लोगों से उसकी ज्यादा नहीं बनती थी।

हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है। मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

You missed