सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 13 सितंबर को जैजैपुर आबकारी टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 46 लीटर महुआ शराब और करीब 1110 किलो महुआ लाहन बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पहली कार्रवाई हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम भातमाहुल में की गई। आबकारी टीम को गांव में अवैध महुआ शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले एक नकली ग्राहक भेजा। शराब की बिक्री की पुष्टि होने के बाद टीम ने भातमाहुल निवासी सुनील कुमार के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक जरीकेन में करीब 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसके अलावा चार प्लास्टिक बोरियों में लगभग 60 किलो महुआ लाहन भी मिला। टीम ने शराब और लाहन को जब्त कर लिया।
मामले में आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड मिलने पर जेल भेज दिया गया।
तालाब में छिपाकर रखी थी शराब, जांच में खुला बड़ा राज
इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम मुक्ता राजा में भी कार्रवाई की। यहां टीम को सूचना मिली थी कि तालाब में अवैध महुआ शराब और लाहन छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर जब टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो तालाब में छिपाकर रखी गई करीब 36 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
लेकिन जांच के दौरान टीम को इससे भी बड़ी मात्रा में महुआ लाहन मिला। तालाब के पास 70 प्लास्टिक बोरियों में करीब 1050 किलो महुआ लाहन रखा हुआ था। आबकारी टीम ने नियमानुसार लाहन का सैंपल लिया और इसके बाद बाकी लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान कलेक्टर जयश्री जैन और जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के निर्देश पर चलाया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में जैजैपुर प्रभारी घनश्याम प्रधान और उनकी टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की।
आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
