रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर चर्चा तेज है। अब इस फिल्म को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि सरकार फिल्म को टैक्स फ्री करने पर फैसला ले सकती है, लेकिन उससे पहले वह संगठन के लोगों के साथ फिल्म देखेंगे। इसके बाद ही टैक्स फ्री करने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अब सबसे ज्यादा नजर इसी बात पर है कि फिल्म देखने के बाद सरकार क्या फैसला लेती है और क्या ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किया जाएगा?
पहले फिल्म देखेंगे, फिर होगा फैसला
CM साय ने कहा कि वह संगठन के लोगों के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने जाएंगे। फिल्म देखने के बाद ही इसे टैक्स फ्री करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
यानी फिलहाल सरकार की ओर से टैक्स फ्री किए जाने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री के फिल्म देखने के बाद इस पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
पुलिस हिरासत में युवक की मौत पर भी CM साय का सख्त बयान
वहीं, चांपा में युवक की पुलिस हिरासत में हुई मौत को लेकर भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
कलेक्टरों के साथ बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ पर चर्चा
मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टरों और अधिकारियों के साथ हुई बैठक को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अभियान के तहत 12 बिंदुओं पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का बेहतर और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टरों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान से जुड़े कार्यक्रमों को व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
