बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के छात्र की मौत से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। छात्र का शव स्कूल के कमरा नंबर 16 में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
PT में शामिल नहीं हुआ था छात्र
जानकारी के मुताबिक मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह विनय अन्य छात्रों के साथ पीटी में शामिल होने नहीं गया था।
पीटी के बाद जब दूसरे छात्र वापस कमरे की ओर लौटे, तब घटना की जानकारी सामने आई। कमरे में विनय को फंदे से लटका देखकर विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस विद्यालय पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी मौके पर पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस छात्र के साथियों और विद्यालय से जुड़े लोगों से जानकारी जुटा रही है। छात्र की मौत के पीछे किसी तरह का दबाव, परेशानी या अन्य कारण था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
