बैंगन का भरता बना काल! रात में खाना खाने के बाद बिगड़ी 3 बच्चों की तबीयत, मौत से मचा हड़कंप

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मातगुवां थाना क्षेत्र के पिपोरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की संदिग्ध रूप से तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों ने रात में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैंगन का भरता खाया था। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाने पर हुई मौत

जानकारी के मुताबिक, पिपोरा गांव निवासी बालमुकुंद कुशवाह के तीन बच्चों—पूनम कुशवाहा (7), मनीषा कुशवाहा (3) और चाहत कुशवाहा (9 माह)—ने रात में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाया था। खाना खाने के कुछ समय बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने की बात सामने आई है।

परिजन बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार के बाकी सदस्यों की तबीयत ठीक, बैंगन के भरते पर संदेह

प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि बच्चों ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैंगन का भरता खाया था। हालांकि, परिवार के बाकी सदस्यों की तबीयत खराब नहीं हुई और उनमें किसी तरह के लक्षण भी सामने नहीं आए। ऐसे में तीनों बच्चों की मौत की असली वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने फिलहाल खाने में इस्तेमाल की गई सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

दफनाए गए शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दफनाए जा चुके तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि पिपोरा गांव में बालमुकुंद कुशवाह के तीन बच्चों की मौत की सूचना मिली थी। तीनों की रात में तबीयत बिगड़ी थी और सुबह उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त होने की आशंका है, लेकिन मौत का कारण अभी निश्चित नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा।