अंबिकापुर हाईवे पर आमने-सामने भिड़ीं बस और इनोवा, कार के उड़े परखच्चे… एक महिला की मौत, 7 घायल

अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के सामने तेज रफ्तार इनोवा क्रिस्टा और पापुलर बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी लोग सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

आधी रात अचानक आमने-सामने आ गईं बस और कार

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। अंबिकापुर की ओर आ रही इनोवा क्रिस्टा की बिलासपुर की ओर जा रही पापुलर बस से जजगा के पास आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। कार के सभी एयरबैग खुल गए, लेकिन इसके बावजूद हादसे की भयावहता इतनी अधिक थी कि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पिछली सीट पर बैठे कुछ लोग कार के अंदर ही फंस गए।

सड़क पर मची अफरा-तफरी, राहगीर ने पुलिस को दी सूचना

भीषण टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान रायपुर से अपनी कार से लौट रहे लखनपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी की नजर हादसे पर पड़ी।

उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को कार से निकालने में करनी पड़ी मशक्कत

पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दिनेश बारी ने अपनी गाड़ी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

अस्पताल में इलाज के दौरान दिलीप कुमारी तिग्गा (52) की मौत हो गई।

चार घायल ICU में भर्ती

हादसे में घायल सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इनमें शिव कीर्तन, विजय केरकेट्टा, आसनलाल तिग्गा और तेजकरण की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ICU में भर्ती किया गया है।

वहीं, अन्य तीन घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। आधी रात हुए इस भीषण हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।