सक्ती। जिले में 90 लाख रुपये की ठगी के मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया। प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से जुड़े होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने एक व्यक्ति को बैंक में गिरवी रखे सोने को कम कीमत में दिलाने का झांसा दिया। भरोसे में आए पीड़ित ने आरोपियों को कई किस्तों में 90 लाख रुपये दे दिए। जब काफी समय बाद भी सोना नहीं मिला, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
मामले में सक्ती पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सस्ते सोने का झांसा देकर बनाया शिकार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला रेखा राठौर अपने परिचित लोगों को बैंक में गिरवी रखे सोने को कम कीमत में दिलाने का झांसा देती थी। इसी झांसे में सक्ती निवासी मूलचंद राठौर भी आ गया।
आरोपियों की बातों पर भरोसा करते हुए मूलचंद राठौर ने अलग-अलग किस्तों में कुल 90 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।
पैसे देने के बाद खुला ठगी का राज
कई किस्तों में बड़ी रकम देने के बावजूद जब पीड़ित को सोना नहीं मिला, तो उसे शक हुआ। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि सस्ते सोने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत सक्ती पुलिस से की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी महिला रेखा राठौर के साथ उसके साथी अफरोज खान और सुभाष साहू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से जुड़े होने का फायदा उठाकर पीड़ित का भरोसा जीता था। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी में आरोपियों के साथ कोई अन्य व्यक्ति जुड़ा हुआ था या नहीं और इस तरह से उन्होंने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
