छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में बुधवार शाम एक नशे में धुत युवक ने थाने के सामने ऐसा हंगामा किया कि कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवक अपने तीन छोटे-छोटे बच्चों को साथ लेकर सड़क पर खड़ा हो गया और आने-जाने वाले वाहनों के सामने हंगामा करने लगा। घटना के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम जैसे हालात बन गए।
पड़ोसियों से विवाद की शिकायत लेकर पहुंचा था थाने
जानकारी के अनुसार, ग्राम जुड़ा निवासी युवक पड़ोसियों से हुए विवाद की शिकायत लेकर लवन थाने पहुंचा था। विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम उसे थाने लेकर आई थी। पुलिस ने देखा कि युवक अत्यधिक नशे में है, इसलिए उसे पहले बच्चों को सुरक्षित घर छोड़ने और नशा उतरने के बाद शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
बच्चों को लेकर हाईवे पर मचाया हंगामा
पुलिस की बात से नाराज युवक अपने तीनों मासूम बच्चों को लेकर थाने के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा खड़ा हुआ। उसने पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई।
समझाने पहुंचे परिचित से भी की हाथापाई
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और युवक के परिचितों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। बताया जा रहा है कि समझाने पहुंचे एक परिचित के साथ युवक ने हाथापाई करते हुए थप्पड़ भी मार दिया।
बच्चों को थाने में छोड़कर फरार हुआ युवक
काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवक को थाने लेकर आई, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने तीनों बच्चों को थाने में छोड़कर वहां से चला गया। इसके बाद पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक की मां को गांव से बुलवाया और तीनों बच्चों को सुरक्षित उनकी दादी के सुपुर्द किया। पुलिस ने अपने वाहन से बच्चों को सुरक्षित ग्राम जुड़ा तक भी पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर नशे की हालत में गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार और उससे मासूम बच्चों की सुरक्षा पर पड़ने वाले खतरे को उजागर कर दिया है।
