सुकमा: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिले के बोधराजपाड़र के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया गया। मौके से .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
खुफिया सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस के अनुसार, एसपी मयंक गुर्जर के निर्देशन और एएसपी (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराजपाड़र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था।
जंगल से बरामद हुआ नक्सली डंप
गहन तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के छिपाए गए डंप का पता लगाया। वहां से एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस और एक एल्यूमिनियम कंटेनर बरामद किया गया।
सुरक्षित लौटे जवान, अभियान रहेगा जारी
सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित अपने कैंप लौट आई। सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जंगलों में छिपाए गए हथियारों व विस्फोटक सामग्री की तलाश आगे भी जारी रहेगी।
